साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले छह लोगों से 10.10 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने शादी का झांसा देकर पार्सल भेजने के नाम पर, फर्जी लिंक भेजकर, कस्टमर केयर अधिकारी बनकर, घरेलू गैस कनेक्शन काटने के मैसेज भेजने समेत अन्य बहाने से ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ की टीमों ने बुधवार को सभी मामलों में छह एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत एनआईटी इलाके की रहने वाली महिला ने दी है। महिला का कहना है कि 3 से 5 मार्च 2025 के दौरान साइबर ठगों ने शादी का झांसा देकर पार्सल भेजने के नाम पर 2.45 लाख रुपये ठग लिए। बाद में कोई पार्सल भी नहीं मिला। महिला की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
दूसरे मामले में पुलिस को शिकायत सेक्टर-55 निवासी आयुष ने दी है। इनका कहना है कि 4 दिसंबर 2024 को साइबर ठगों ने फर्जी लिंक भेजकर 1 लाख रुपये ठग लिए। खाते से रुपये कटे तो ठगी का पता चला। मामले में शिकायत पर साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-83 के रहने वाले विनय कुमार ने दी है। इनका कहना है कि 4 सितंबर 2025 को ठगों ने घरेलू गैस कनेक्शन काटने का मैसेज भेजा। फिर एपीके फाइल डाउनलोड कराकर बैंक खाते से 1.90 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
चौथे मामले में पुलिस को शिकायत सेक्टर-30 के रहने वाले जगदीश कुमार ने दी है। इनका कहना है कि 2 से 7 सितंबर के दौरान ठगों ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजे। आरोपियों ने फर्जी मैसेज भेजकर 1.49 लाख रुपये ठग लिए। मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज की है।
पांचवें मामले में पुलिस को शिकायत बल्लभगढ़ सेक्टर-8 के रहने वाले अजय सिंह ने दी है। इनका कहना है कि 26 सितंबर को ठगों ने शिकायतकर्ता के नाम पर लोन व इंश्योरेंस पॉलिसी कराकर 208738 रुपये ठग लिए। मामले में अब साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एफआईआर दर्ज की है।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत सेक्टर-9 के रहने वाले ओमप्रकाश ने दी है। इनका कहना है कि 21 सितंबर को ठगों ने कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर और मैसेज में लिंक भेजकर 117510 रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।