संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर दुकानदार के साथ 4 लाख 23 हजार रुपये की ठगी हुई। आरोपी द्वारा भेजे गए लिंक पर दुकानदार ने सभी महत्वपूर्ण जानकारी को भर दिया। जानकारी भरते ही दुकानदार के खाते से लाखों रुपये कट गए। थाना साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव अटाली निवासी चन्दन सिंह ने बताया कि उनकी सेक्टर 62 चौक पर परचून की दुकान है। 4 मार्च को वह दुकान पर मौजूद थे, तभी उनके फोन पर एक केनरा बैंक के कर्मचारी का फोन आया। कर्मचारी ने कहा कि क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए उनको व्हाट्सएप नंबर पर एक लिंक भेजा है। उस लिंक को ओपन करने के बाद दुकानदार ने सभी महत्वपूर्ण जानकारी को भर दिया। जानकारी भरने के बाद सबमिट करते ही उनके बैंक के खाते से 1 लाख 98000 रुपये कट गए। पैसे कटने पर जब कर्मचारी से दुकानदार ने बात की तो उसने कहा कि पैसे वापस आ जाएंगे। कुछ समय के बाद उनके खाते से दो बार में एक- एक लाख रुपये और एक बार में 25000 रुपये कट गए। जिसके बाद दुकानदार को शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने 1930 पर कॉल करके साइबर ठगी के बारे में शिकायत दर्ज करवाई। आरोपी कर्मचारी ने उनके खाते से 4 लाख 23 हजार रुपये की ठगी की।