400 मीटर रिले रेस में हरियाणा की टीम रही तीसरे स्थान पर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के एथलीट शिवम वैष्णव ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 65वीं नेशनल ओपन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 400 मीटर रिले रेस में यह उपलब्धि हासिल की।
हरियाणा की टीम ने इस स्पर्धा में तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता 8 से 11 अक्तूबर तक आयोजित की गई। खेल मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि हरियाणा की टीम में शिवम वैष्णव के साथ भिवानी के पंकज वर्मा, सोनीपत के प्रिंस और रोहतक के धर्मबीर शामिल थे। चारों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम को पदक दिलाया। इस स्पर्धा में एसएससीबी की टीम ने स्वर्ण और रेलवे स्पोर्ट्स की टीम ने रजत पदक जीता। प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों ने तीन स्पर्धाओं में पदक हासिल किए। वहीं 1600 मीटर मिक्स्ड रिले रेस में आशीष फोगाट, मोहित कुमार, तमन्ना और मनीषा की टीम ने रजत पदक जीता। वहीं, महिला जैवलिन थ्रो में हरियाणा की दीपिका ने कांस्य पदक हासिल किया। एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर डाइट, अभ्यास और कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।