आगरा निवासी अदिति का सेक्टर-11 स्थित होटल के कमरे में मिला था शव
पिता ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-11 स्थित होटल रॉयल हार्मनी के कमरे में युवती का शव पंखे से लटका मिलने के मामले में पुलिस ने उसके साथ होटल में ठहरे युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका की पहचान आगरा निवासी अदिति लवानिया के रूप में हुई है।
उसके पिता धीरेंद्र लवानिया की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में पिता ने युवक पर उनकी बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, 10 अक्तूबर की रात करीब 1:15 बजे सेक्टर-11 पुलिस चौकी को होटल रॉयल हार्मनी में युवती का शव पंखे से लटका होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। होटल स्टाफ के कर्मचारी की मदद से पुलिस दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 204 में पहुंची। कमरे का दरवाजा आधा खुला हुआ था। अंदर युवती का शव काले रंग की चुन्नी के फंदे से पंखे पर लटका मिला। पुलिस ने होटल प्रबंधन को सूचना देकर मौके का निरीक्षण किया। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान मृतका की पहचान अदिति लवानिया निवासी शाहगंज, आगरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक अदिति 8 अक्तूबर से इसी कमरे में आगरा निवासी हेमेन्द्र शर्मा के साथ ठहरी हुई थी।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
अदिति के पिता धीरेंद्र लवानिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी 8 अक्तूबर को आगरा से फरीदाबाद इंटरव्यू देने आई थी। 10 अक्तूबर की सुबह उन्हें होटल में बेटी का शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद वह परिवार के साथ फरीदाबाद पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि हेमेन्द्र शर्मा ने उनकी बेटी को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने युवक के खिलाफ कार्रवाई करने और अदिति का मोबाइल व लैपटॉप बरामद करने की मांग की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पिता की शिकायत पर प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।