एकेपी क्रिकेट अकादमी ने टाइगर्स क्लब को हराकर बनाई अगले दौर में जगह
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ी गुजरान स्थित एकेपी क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे अंडर-17 टूर्नामेंट में मंगलवार को एकेपी क्रिकेट अकादमी ने टाइगर्स क्रिकेट क्लब को 216 रन से हरा दिया। मैदान पर शानिब के पंजे व फरहान की शतकीय पारी का जादू चला। 40 ओवर के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एकेपी क्रिकेट अकादमी ने 366 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में बल्लेबाजी को आई टाइगर्स क्लब की टीम 24.2 ओवर में सिर्फ 150 रनों पर ऑल आउट हो गई।
इस जीत के साथ ही एकेपी ने अपने क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को हवा दी है। एकेपी के लिए मोहम्मद फरहान और शानिब ने इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एकेपी के लिए फरहान ने 76 गेंदों पर 111 रन की तूफानी पारी खेली जबकि दिविज खत्री ने 56 और यश पांचाल ने 52 रन बनाए। टाइगर्स के लिए यश ने दो विकेट अपने नाम किए।
इसके जवाब में टाइगर्स के लिए बल्लेबाजी को आए हेमंत प्रजापति ने 65 रन बनाए अन्य कोई खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर सका। एकेपी के लिए शानिब ने सिर्फ 25 रन देकर पांच विकेट झटके जबकि विकास पांचाल को तीन और भव्य कुमार को दो विकेट मिले। शानिब को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।