फरीदाबाद। शहर में सीवर जाम होने, मैनहोल से गंदा पानी बाहर निकलने और सड़कों पर सीवेज जमा होने की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने योजना तैयार की है। इस योजना के तहत बादशाहपुर जोन वेस्ट में सीवर लाइनों की निगरानी और मरम्मत पर 2.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के तहत 600 से 1800 मिलीमीटर व्यास की मुख्य सीवर लाइनों का ढाई साल तक संचालन एवं रखरखाव किया जाएगा।
मुख्य सीवर लाइनें आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाले सीवेज को आगे पहुंचाने का काम करती हैं। इनमें रुकावट आने या लाइन क्षतिग्रस्त होने पर सीवर का पानी सड़कों पर फैलने लगता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। वहीं, मैनहोल से गंदा पानी निकलने और लंबे समय तक जलभराव रहने से लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ता है।
एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता ओमदत्त ने बताया कि चयनित एजेंसी को निर्धारित मुख्य सीवर लाइनों की निगरानी के साथ जरूरी मरम्मत का काम करना होगा। इसमें जमीन धंसने से प्रभावित हिस्सों को दुरुस्त करना, मैनहोल की ऊंचाई ठीक करना और सीवर लाइनों से संबंधित अन्य मरम्मत कार्य शामिल हैं। ढाई साल तक नियमित रखरखाव होने से लाइनों में आने वाली खराबी की पहचान समय रहते करने और उसे ठीक करने में मदद मिलेगी। ब्यूरो