एसआरएस रेजिडेंसी के सी-6 टावर की घटना, बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस फ्लैट पर जा रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-88 स्थित एसआरएस रेजिडेंसी सोसाइटी में मंगलवार सुबह लिफ्ट खराब होने से 50 वर्षीय बुजुर्ग एक घंटे तक अंदर फंसे रहे। घबराहट के कारण उनकी हालत बिगड़ने लगी। काफी प्रयास के बाद भी जब लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़कर बुजुर्ग को बाहर निकाला गया। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने लिफ्ट के रखरखाव को लेकर नाराजगी जताई और प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार, सी-6 टावर की दसवीं मंजिल पर रहने वाले महेश मनीष माहेश्वरी मंगलवार सुबह बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस अपने फ्लैट पर जा रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट बीच में अचानक बंद हो गई और वह अंदर फंस गए। उन्होंने कई बार अलार्म बजाकर मदद मांगी। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सुरक्षा गार्ड ने लिफ्ट खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद अन्य गार्ड और सोसाइटी के निवासी भी मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट के दरवाजे तोड़कर बुजुर्ग को बाहर निकाला गया।
सप्ताह में दो से तीन बार लिफ्ट खराब होने का आरोप
सोसाइटी के आरडब्ल्यूए पूर्व प्रधान जितेंद्र गर्ग का कहना है कि लिफ्ट खराब होने की समस्या बार-बार सामने आती है। उनके अनुसार, सप्ताह में दो से तीन बार लिफ्ट रुकने की घटनाएं होती हैं। इससे बुजुर्गों, बच्चों और अन्य निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंगलवार की घटना के दौरान बुजुर्ग काफी घबरा गए थे। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उन्हें बाहर नहीं निकाला जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। जितेंद्र गर्ग व बुजुर्ग की पत्नी स्वाति ने बताया कि लिफ्ट की मरम्मत और नियमित रखरखाव को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि मेंटेनेंस शुल्क लगातार बढ़ाया जा रहा है, जबकि जरूरी सुविधाओं में सुधार नहीं किया जा रहा। सोसाइटी में करीब 14 टावर और 1,132 फ्लैट हैं। लोगों ने प्रबंधन से सभी लिफ्टों की तकनीकी जांच कराने, नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने और खराबी की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। आरडब्ल्यूए प्रधान विजय जसूजा ने बताया कि लिफ्ट में तकनीकी समस्या आने के कारण वह अचानक रुक गई थी। सूचना मिलने के बाद बुजुर्ग को बाहर निकालने के प्रयास किए गए और समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।