अलग-अलग स्थानों पर अपराध शाखा की टीमों ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर हथियार रखने के आरोप में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सात देसी पिस्तौल बरामद किए गए हैं। ये कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-65, अपराध शाखा ऊंचा गांव, अपराध शाखा सेक्टर-85 और अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीमों ने की है।
अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने गांव कुरैशिपुर निवासी इमरान (27) को बाईपास मोड़, सेक्टर-58 से पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। इसी टीम ने राहुल कॉलोनी, एसजीएम नगर निवासी रितिक (21) को डबुआ मंडी से पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने त्रिखा कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी ध्रुव (19) को दाना पानी पार्क, सेक्टर-8 से पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। इसी टीम ने त्रिखा कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी अंकेश (20) को सेक्टर-3 क्षेत्र से पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया।
वहीं अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने छांयसा निवासी नीरज (29) को इंडियन ऑयल कंपनी, सेक्टर-12 के नजदीक से और सीही गांव निवासी नवीन (21) को चंदीला चौक, बीपीटीपी से पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने सुभाष कॉलोनी निवासी तुषार (24) को किसान भवन, सेक्टर-12 पार्क के नजदीक से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भी पिस्तौल बरामद किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।