नंगला गाजीपुर रोड पर बदमाशों ने दुकान में मचाया आंतक, संचालक बोला- हमले की वजह नहीं पता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नंगला गाजीपुर रोड पर बुधवार दोपहर मोबाइल दुकान संचालक से मारपीट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने इसके बाद दुकान में तोड़फोड़ भी की। आरोप है कि युवकों ने हमलावरों ने संचालक को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग जुटाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गाजीपुर निवासी गुड्डू और उसका भाई दीपक मोबाइल का शोरूम चलाते हैं। बुधवार को गुड्डू दुकान संभाल रहा था। इसी दौरान मनीष यादव कुछ युवकों के साथ वहां पहुंचा। शिकायत के मुताबिक उनके पास लोहे की रॉड और डंडे थे। युवकों ने पहले दुकान के प्रवेश द्वार को निशाना बनाया और शीशे चकनाचूर कर दिए। इसके बाद शोरूम के भीतर रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। शोकेस तोड़ने के साथ मोबाइल और अन्य वस्तुओं पर भी रॉड-डंडों से हमला किया गया। गुड्डू ने रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। गुड्डू ने पुलिस को बताया कि मनीष से उसकी पहले से बातचीत रही है। घटना से दो दिन पहले ही मनीष ने उसे एक भंडारे में आने के लिए कहा था। इसी वजह से अचानक हुए हमले को लेकर वह हैरान है और उसे हमले की वजह मालूम नहीं है।
उसका यह भी दावा है कि वारदात में शामिल कुछ युवकों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। इनमें से एक युवक कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ अपराध शाखा की टीम भी शोरूम पहुंची। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि टीम ने घटनास्थल की जांच की और आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग हासिल की है।