फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: अपने शहर में ही गंभीर मरीजों को मिलेंगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
सेक्टर-8 में प्रस्तावित है 50 बेड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, चिकित्सा सुविधाओं और पूरे हेल्थ कैंपस की रूपरेखा तैयार करने पर स्वास्थ्य विभाग ने मंथन शुरू किया
विज्ञापन



संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-8 में प्रस्तावित 50 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की योजना अब जमीन आवंटन से आगे बढ़ने लगी है। अस्पताल के निर्माण से पहले यहां मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं और पूरे हेल्थ कैंपस की रूपरेखा तैयार करने पर स्वास्थ्य विभाग ने मंथन शुरू कर दिया है। अस्पताल बनने के बाद गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली के अस्पतालों का रुख करने वाले मरीजों को फरीदाबाद में ही बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

कुछ दिन पहले डीजी हेल्थ स्तर पर हुई बैठक में प्रस्तावित अस्पताल की सुविधाओं और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसके बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को करीब चार एकड़ जमीन उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है। अधिकारियों के अनुसार जमीन मिलते ही साइट का निरीक्षण कर अस्पताल की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
विज्ञापन


इमरजेंसी से आईसीयू तक की सुविधाएं

डीपीआर में केवल 50 बेड की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि मरीजों की जरूरत के अनुसार इमरजेंसी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, डायग्नोस्टिक जांच, लैब, रेडियोलॉजी और अन्य सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना तैयार की जाएगी। अस्पताल में किन सुपर स्पेशलिटी विभागों को प्राथमिकता दी जाएगी, यह भी परियोजना की अगली प्रक्रिया में तय होगा।

चार एकड़ में तैयार होगा पूरा हेल्थ कैंपस

चार एकड़ जमीन पर मुख्य अस्पताल भवन के साथ पार्किंग, मरीजों और तीमारदारों के आवागमन, एंबुलेंस की आवाजाही, बिजली-पानी और ऑक्सीजन सप्लाई जैसी सुविधाओं के लिए भी स्थान निर्धारित किया जाएगा। भविष्य में अस्पताल में सेवाओं के विस्तार की संभावना को ध्यान में रखकर लेआउट तैयार करने की योजना है।

डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध कराई जाने वाली सुपर स्पेशलिटी सेवाओं को लेकर योजना तैयार की जा रही है। फरीदाबाद में गंभीर मरीजों की संख्या और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए एक ही परिसर में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है।

पीपीपी मॉडल पर बनेगा अस्पताल

मुख्यमंत्री स्तर से परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और अस्पताल का निर्माण पीपीपी मॉडल पर प्रस्तावित है। डीपीआर के साथ निजी भागीदार की भूमिका, चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और संचालन से जुड़े मानकों को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, चार एकड़ जमीन उपलब्ध होने के बाद परियोजना की अगली प्रक्रिया तेज होगी। अस्पताल तैयार होने पर फरीदाबाद के मरीजों को गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए दिल्ली की दौड़ कम करनी पड़ेगी और उन्हें अपने शहर में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने का रास्ता साफ होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें