टूर ऑपरेटर पर कार्रवाई की मांग, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी ने प्रशासन को सौंपी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी ने एक टूर ऑपरेटर पर यात्रा के दौरान धोखाधड़ी और उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने इस संबंध में जिला प्रशासन को शिकायत सौंपकर संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
सोसाइटी के अनुसार टूर ऑपरेटर जुगल किशोर ने यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को भारी असुविधाओं का सामना कराया। आरोप है कि यात्रियों को दो स्थानों पर बंधक जैसी स्थिति में रखा गया, जिससे सभी बुजुर्ग सहम गए। इसके साथ ही यात्रा से जुड़े पूर्व समझौते का उल्लंघन करते हुए उनके साथ धोखाधड़ी की गई, जिससे पूरी यात्रा का अनुभव खराब हो गया।
शिकायत में बताया गया कि इस यात्रा में कुल 48 वरिष्ठ नागरिक शामिल थे, जिनमें 27 महिलाएं और 21 पुरुष थे। इन सभी यात्रियों को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित होना पड़ा। सोसाइटी के अध्यक्ष राम मिगलानी और जनरल सेक्रेटरी एमएल मेहता ने मांग की है कि आरोपी टूर ऑपरेटर जुगल किशोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। सोसाइटी ने मांग की है कि संबंधित कंपनी को टूरिज्म विभाग की ओर से तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाए। पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि प्रभावित वरिष्ठ नागरिकों को हुई परेशानी के लिए उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि भविष्य में कोई अन्य ऑपरेटर बुजुर्गों के साथ इस तरह का व्यवहार न कर सके।