हरियाली के साथ मिलेंगी सुविधाएं, ओपन जिम, चिल्ड्रन प्ले जोन और वॉकिंग ट्रैक बनेंगे, सवा साल में काम पूरा करने की समय सीमा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-37 स्थित ग्रीन बेल्ट की सूरत जल्द बदलने वाली है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण जल्द इस क्षेत्र को आधुनिक इको-पार्क के रूप में विकसित करने का काम शुरू करने वाला है। इस काम के लिए एजेंसी का चयन हो चुका है वहीं इसी माह में काम शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। परियोजना पूरी होने के बाद यहां ओपन जिम, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, वॉकिंग ट्रैक और बैठने की आधुनिक व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिससे आसपास की सोसाइटियों के हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-37 स्थित ग्रीन बेल्ट लंबे समय से खराब हालत में थी। स्थानीय लोगों की मांग के बाद इसे विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया। अब इस जगह को फिटनेस और मनोरंजन के लिए उपयोगी पार्क के रूप में तैयार किया जाएगा।
ओपन जिम और बच्चों के लिए मल्टी-प्ले स्टेशन
योजना के तहत पार्क में आधुनिक ओपन जिम लगाया जाएगा जिसमें एयर वॉकर, लेग प्रेस, चेस्ट प्रेस, आर्म व्हील और एलिप्टिकल एक्सरसाइजर समेत कई मशीनें होंगी। बच्चों के लिए मल्टी-प्ले स्टेशन बनाया जाएगा, जिसमें स्लाइड, स्विंग और मेरी-गो-राउंड जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। मॉर्निंग वॉक और दौड़ के लिए टाइल्स से बना पैदल पथ भी तैयार किया जाएगा।
सुरक्षा, सफाई और हरियाली पर रहेगा जोर
पूरे ग्रीन बेल्ट के चारों ओर ग्रिल फेंसिंग और टो-वॉल बनाई जाएगी ताकि अतिक्रमण न हो। पार्क में 15 आरसीसी गार्डन बेंच लगाई जाएंगी और कचरा प्रबंधन के लिए बड़े डस्टबिन रखे जाएंगे। करीब 4600 वर्ग मीटर क्षेत्र में घास की टर्फिंग की जाएगी और छायादार पौधे लगाए जाएंगे जिससे वातावरण भी बेहतर होगा।
485 दिन में काम पूरा, तीन साल रखरखाव
एचएसवीपी ने एजेंसी को 485 दिन के भीतर सिविल वर्क, जिम और बागवानी का काम पूरा करने का लक्ष्य दिया है। निर्माण के बाद तीन साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी एजेंसी की होगी। काम की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए थर्ड पार्टी से निरीक्षण कराया जाएगा।
आसपास के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
पार्क बनने से सेक्टर-37 और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खुला स्थान मिलेगा। बच्चों को खेलने के लिए जगह मिलेगी जबकि बुजुर्ग और महिलाएं भी आराम से टहल सकेंगी। बेहतर पार्क बनने से इलाके की संपत्तियों की कीमत बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है।
हरियाली के साथ सुविधाएं विकसित करने के लिए इस प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। जल्द लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। - संदीप दहिया अधीक्षण अभियंता एचएसवीपी