निर्माण कार्यों पर रोक के लिए भी टीम निगरानी करेगी अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सर्दियों में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद में बृहस्पतिवार से सख्ती शुरू होगी। केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों का पालन करवाने के लिए तीनों उपमंडलों के एसडीएम कमान संभालेंगे। जिलाधीश आयुष सिन्हा ने आदेश का पालन करने के लिए टीम गठित कर दी हैं। बल्लभगढ़ में 73 और फरीदाबाद में 100 से ज्यादा निर्माण स्थलों पर निगरानी रखी जाएगी।
आयोग के जिले में 20 नवंबर तक धूल उड़ाने वाली तोड़फोड़ और खुले में होने वाली निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, सरकारी और निजी कार्यालयों में एक समय में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारी ही उपस्थित हो सकेंगे। बाकी कर्मचारियों को घर से काम करना होगा। उपायुक्त एवं जिलाधीश आयुष सिन्हा ने इन निर्देशों को लागू करने के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। निर्माण कार्यों पर लगने वाली रोक राजमार्गों, सड़कों, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज, बिजली ट्रांसमिशन लाइनों, पाइपलाइन और दूरसंचार से जुड़ी परियोजनाओं पर भी लागू होगी। हालांकि रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, अस्पताल, जलापूर्ति, स्वच्छता, राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा से जुड़ी गतिविधियों सहित राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं को छूट दी गई है। लेकिन छूट प्राप्त परियोजनाओं को भी धूल नियंत्रण के मानकों और निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करना होगा।
-
कार्यालयों में रोस्टर से तय होगी ड्यूटी:
जिले के हरियाणा सरकार के कार्यालयों और निजी प्रतिष्ठानों में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारी ही एक समय में कार्यालय आ सकेंगे। शेष कर्मचारियों को घर से काम करना होगा। विभागाध्यक्षों को कर्मचारियों का रोस्टर तैयार करना होगा। निजी संस्थानों को भी उपस्थिति और कार्य समय के संबंध में निर्धारित निर्देशों का पालन करना होगा। निरीक्षण के दौरान उन्हें कर्मचारियों का रोस्टर दिखाना अनिवार्य होगा। औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े उन संस्थानों को छूट रहेगी, जहां यह व्यवस्था लागू करना व्यावहारिक नहीं है।
एसडीएम रोज करेंगे निरीक्षण
आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए सभी एसडीएम अपने-अपने उपमंडलों में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ प्रतिदिन निरीक्षण करेंगे। संयुक्त निदेशक एमएसएमई, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र और उप एवं सहायक श्रम आयुक्त भी इस अभियान में सहयोग करेंगे। सरकारी कार्यालयों में व्यवस्था लागू कराने की जिम्मेदारी संबंधित विभागाध्यक्षों की होगी, जबकि निजी प्रतिष्ठानों में अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए श्रम विभाग और जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम, एफएमडीए, एचएसवीपी, जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन), एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग सहित संबंधित एजेंसियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में निर्माण संबंधी प्रतिबंधों का पालन कराना होगा। पुलिस आयुक्त से भी आवश्यक सहयोग मांगा गया है।
रोजाना भेजनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट
अधिकारी निरीक्षण के दौरान मिली खामियों, नियमों के उल्लंघन और की गई कार्रवाई का ब्योरा प्रतिदिन एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) में दर्ज करेंगे। यह रिपोर्ट हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के फरीदाबाद और बल्लभगढ़ स्थित क्षेत्रीय अधिकारियों को भेजी जाएगी। क्षेत्रीय अधिकारी रिपोर्टों को संकलित कर समेकित विवरण सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपेंगे।
तीनों उपमंडल अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में निगरानी रखेंगे। वहीं विभागाध्यक्षों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी टीमों में शामिल रहेंगे।अंकित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट, फरीदाबाद