आठ गाड़ियों के रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी, कमेटी ने चालकों और अधिकारियों के बयान लिए, रिपोर्ट के बाद खुलेगी कार्रवाई की राह
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस में ईंधन खर्च को लेकर उठे सवालों पर राज्य स्तरीय कमेटी ने बुधवार को अपनी पड़ताल पूरी कर ली। करीब 50 लाख रुपये के डीजल खर्च का हिसाब जांचने के लिए कमेटी ने दिनभर संबंधित रिकॉर्ड का मिलान किया। इस दौरान चालकों से लेकर फ्लीट अधिकारी और विभाग के अन्य कर्मचारियों तक से जानकारी ली गई। जांच से संबंधित दस्तावेज अपने साथ लेकर सदस्य देर शाम चंडीगढ़ रवाना हो गए। अब जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उच्च स्तर पर अगला फैसला लिया जाएगा। बृहस्पतिवार को टीम अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौैंप देगी।
यह मामला स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से खराब एंबुलेंस के नाम पर डीजल खर्च दर्ज होने की जानकारी सामने आने के बाद उजागर हुआ था। शुरुआत में चार गाड़ियां इस मामले से जुड़ी बताई गई थीं। रिकॉर्ड की विस्तृत पड़ताल हुई तो संख्या बढ़कर आठ हो गई। जांच में सामने आया कि इन सभी आठ एंबुलेंस की हालत खराब थी, इसके बावजूद उनके रिकॉर्ड में डीजल खर्च दर्ज किया गया था।
कमेटी ने बुधवार को अलग-अलग कर्मचारियों से बातचीत कर यह समझने का प्रयास किया कि खराब वाहनों के नाम पर ईंधन का खर्च किस आधार पर दर्ज हुआ। एंबुलेंस चालकों और फ्लीट अधिकारी के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से भी जानकारी ली गई। पूरे दिन चली इस प्रक्रिया के बाद कमेटी ने अपने स्तर पर जांच का काम समाप्त कर दिया।
विभागीय के कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस प्रकरण में आठ से दस कर्मचारियों की भूमिका सामने आने की आशंका है। जांच रिपोर्ट में खर्च से संबंधित जिम्मेदारियां स्पष्ट होने के बाद संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।