रसूलपुर-हसनपुर मार्ग पर गांव लूलवाड़ी के पास मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से सवारियों से भरा ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो सवार एक महिला और युवक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चांदहट थाना प्रभारी अश्वनी कुमार के अनुसार, ऑटो रसूलपुर चौक से सवारियां लेकर गुलावद की ओर जा रहा था। इसमें दो पुरुष और तीन महिलाएं सवार थीं। शाम करीब 7:30 बजे गांव लूलवाड़ी के पास एक वैगनआर कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने समसुद्दीन निवासी नौरंगाबाद और सोनिया निवासी अमरोली को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।