ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की, यात्रा के मार्ग पर जाने से बचें, वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित सनातन एकता पदयात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें। पदयात्रा 8 नवंबर की सुबह दिल्ली सीमा से मांगर कट के रास्ते फरीदाबाद में प्रवेश करेगी और 10 नवंबर तक शहर के अलग- अलग स्थानों पर जाएगी। पदयात्रा 7 नवंबर को दिल्ली के श्री कात्यायनी मंदिर, छतरपुर से प्रारंभ होकर 16 नवंबर को वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में संपन्न होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
पदयात्रा 8 नवंबर की सुबह दिल्ली सीमा से मांगर कट के रास्ते फरीदाबाद में प्रवेश करेगी। यह पाली चौक, बायो मेडिकल कॉलेज, बड़खल - पाली रोड, मस्जिद चौक और ईएसआई चौक से होती हुई दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु रात्रि में विश्राम करेंगे।
9 नवंबर को यात्रा दशहरा मैदान से शुरू होकर मेट्रो मोड़, हार्डवेयर चौक, सोहना- बल्लभगढ़ रोड, बल्लभगढ़ बस स्टैंड होते हुए अनाज मंडी बल्लभगढ़ पहुंचेगी। यहां भोजन के बाद यात्रा बल्लभगढ़ फ्लाईओवर, एलसन चौक, जेसीबी चौक पार करते हुए शगुन गार्डन सीकरी पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम रहेगा। 10 नवंबर को यात्रा सीकरी से आगे बढ़कर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) से होते हुए पलवल जिले की सीमा में प्रवेश करेगी।
फरीदाबाद पुलिस ने यात्रा के सुचारु संचालन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष योजना बनाई है। पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यात्रा की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और फायर विभाग के सहयोग से आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था की गई है। यात्रा मार्ग पर एसीपी ट्रैफिक की देखरेख में ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। डीसीपी ट्रैफिक इस यात्रा के नोडल अधिकारी होंगे।
डीसीपी ट्रैफिक की अपील
डीसीपी ट्रैफिक मकसूद अहमद ने कहा कि पुलिस का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों दोनों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पदयात्रा के मार्ग पर अनावश्यक यात्रा से बचें, पुलिस के निर्देशों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें। पदयात्रा के दौरान कुछ स्थानों पर ट्रैफिक धीमा या जाम की स्थिति हो सकती है। ऐसे में नागरिकों से धैर्य और यातायात अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है।किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम (0129-2267201, 2225999) या हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
यात्रा मार्ग पर सफाई सुनिश्चित की जाएं
सनातन एकता पदयात्रा को लेकर जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में अधिकारियों को यात्रा के प्रस्तावित मार्ग और रात्रि ठहराव के मद्देनजर तैयारियों के संबंध में बैठक की। विक्रम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पदयात्रा के मद्देनजर प्रस्तावित यात्रा मार्ग पर स्वच्छता एवं व्यवस्था की व्यापक और प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए आश्रम के सेवादारों के आइडेंटिटी कार्ड जारी करने और यात्रा के दौरान उपयोग में लाई जाने वाली सभी गाड़ियों के पास जारी करने की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग के प्रत्येक खंड पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि मार्ग पर कहीं भी कूड़ा न मिले। उन्होंने संबंधित विभागों को यह भी निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था का समुचित प्रबंध किया जाए।