संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-82 स्थित फ्लोरिडा अपार्टमेंट सोसाइटी में किरायेदारों का पुलिस सत्यापन शुरू कराने पर आरडब्ल्यूए प्रधान अश्वनी शुक्ला पर हमला किया गया। आरोप है कि सेक्टर-30 में कार रोककर राजीव अत्री, राहुल दुबे और आशीष पंडित ने साथियों के साथ उन पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों पर पिस्तौल लहराकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अश्वनी शुक्ला ने पुलिस को बताया कि बीपीटीपी थाना पुलिस की हिदायत पर उन्होंने सोसाइटी में रहने वाले किरायेदारों का पुलिस सत्यापन शुरू कराया था। सोसाइटी निवासी राजीव अत्री और राहुल दुबे इसका विरोध कर रहे थे। आरोप है कि दोनों संपत्ति डीलिंग का काम करते हैं और बिना सत्यापन किरायेदार रखने से उन्हें कमीशन मिलता है। सत्यापन अभियान रोकने के लिए पहले भी उन्हें धमकी दी गई थी, जिसकी शिकायत बीपीटीपी थाने में दी गई थी।
शिकायत के अनुसार, 26 अगस्त को अश्वनी शुक्ला ड्यूटी करने के बाद कार से घर लौट रहे थे। सेक्टर-30 में अदाणी गैस एजेंसी के पास स्कॉर्पियो और सेंट्रो कार सवार आरोपियों ने उनकी कार रोक ली। इसके बाद आरोपियों ने हमला कर दिया। मारपीट में उनके हाथ-पैर में चोटें आईं। आरोप है कि हमले के दौरान पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल अश्वनी शुक्ला को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने आरोपियों की तलाश के साथ घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।