संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एक दुकानदार को वीडियो कॉल से बात करना तब भारी पड़ गया जब कॉल के दौरान साइबर ठगों ने एक लिंक के माध्यम से 5.70 लाख उनके खाते से निकाल लिए। पैसे कटने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके अलावा उन्होंने बैंक में फोन करके खाते को सील करवा दिया। उन्होंने बजाज फाइनेंस से बेटी की बीएससी (कंप्यूटर साइंस) के द्वितीय वर्ष की फीस भरने के लिए लोन लिया था। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
गांव छांयसा निवासी मनोज ने बताया कि उनकी गांव में परचून की दुकान है। उनका केनरा बैंक में खाता है। उन्होंने बताया कि बेटी के कॉलेज की फीस भरनी थी। उनके पास दो से ढ़ाई लाख रुपये बजट के तौर पर थे। अगर वह बजट के पैसे दाखिले में लगा देते तो उनके परिवार को आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ता। इसलिए उन्होंने बजाज फाइनेंस से लोन लिया था। बजाज फाइनेंस की ओर से उनको पांच मार्च को तीन लाख 86 हजार रुपये का लोन पास हो गया। सात मार्च को उनके पास ठग ने फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बनकर फोन किया कि उनकी पहली ईएमआई दो अप्रैल को कटेगी। इसके लिए उनको इलेक्ट्रॉनिक स्पोर्ट्स लीग (ईएसएल) की प्रक्रिया को पूरा करना होगा।
साइबर ठग ने दुकानदार से वीडियो कॉल के जरिए ईएसएल पर साइन अप करने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने शुरू होने वाले बटन को दबाया उनके खाते से पांच लाख रुपये कट गए। इसके बाद उन्होंने साइबर पुलिस को सूचना दी। इसके साथ ही उन्होंने खाते को सील करने के लिए बैंक में कॉल की तो उनको पता चला कि उनके खाते से 70 हजार 980 रुपये और भी कटे हैं। साइबर ठग ने उनके खाते से पांच लाख 70 हजार रुपये निकाल लिए।