फरीदाबाद के 4 वार्डों में किए जाएंगे नई पाइपलाइन बिछाने और ट्यूबवेल मरम्मत करने के काम, नगर निगम ने तैयार किया एस्टीमेट
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद में पेयजल व्यवस्था और पानी की आपूर्ति सुधारने के लिए नगर निगम शहर के विभिन्न वार्डों में 2.68 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराएगा। इसके तहत निगम ट्यूबवेलों की बोरिंग, बूस्टिंग स्टेशनों की मरम्मत, संचालन और रखरखाव के साथ नई पेयजल पाइपलाइन को ट्यूबवेलों व बूस्टर से जोड़ने का काम कराएगा। जिससे कि शहरवासियों को बेहतर तरीके से पानी की सप्लाई की जा सके।
नगर निगम की ओर से एनआईटी और ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र के चार वार्डों में विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए निगम की ओर से एस्टीमेट भी तैयार कर लिया गया है। नगर निगम की ओर से एनआईटी के वार्ड 15 में सबसे ज्यादा खर्च किया जाएगा। यहां लगभग 1.60 करोड़ रुपये खर्च करके ट्यूबवेल का संचालन और रखरखाव किया जाएगा। वहीं एनआईटी के वार्ड 11 में बेहतर पानी की सप्लाई के लिए 54 लाख से ज्यादा रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम शहर की पेयजल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए लगातार योजनाएं तैयार कर रहा है, जिससे आमजनों को किसी तरह की परेशानी न हो।
शहर के इन वार्डों में होंगे काम
-वार्ड-32 के सेक्टर-29 बूस्टिंग स्टेशन के सुचारू संचालन के लिए वर्ष 2026-27 तक ऑपरेशन, मरम्मत और रखरखाव पर 11.06 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी वार्ड में बूस्टिंग स्टेशन की चारदीवारी और पार्टिशन वॉल बनाने पर 14.53 लाख रुपये खर्च होंगे। नई पेयजल पाइपलाइन को ट्यूबवेलों और बूस्टर से जोड़ने के लिए 16.64 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
-वार्ड-36 में सेक्टर-15 बूस्टर पंपिंग स्टेशन की मरम्मत और पुनर्वास कार्य कराया जाएगा। इसके साथ अन्य संबंधित कार्य भी किए जाएंगे। इस पर 10.42 लाख रुपये खर्च होंगे।
-एनआईटी के वार्ड-11 में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए पांच नए ट्यूबवेल लगवाए जाएंगे। गाजीपुर रोड पर दो, पार्वती वाली गली में एक और मुर्गी फार्म क्षेत्र में रातीराम मार्ग पर एक ट्यूबवेल लगेगा। रिवर्स रोटरी मशीन से होने वाली बोरिंग पर 54.63 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
-एनआईटी के वार्ड-5 में पेयजल आपूर्ति के लिए ट्यूबवेलों के संचालन और रखरखाव का काम तीन साल तक किया जाएगा। इस पर नगर निगम 1 करोड़ 60 लाख 85 हजार 530 रुपये खर्च करेगा।
-
नवंबर के अंत तक शुरू हो जाएगा काम
नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह ने बताया कि शहर की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इसकी कार्य योजना तैयार कर ली गई है। इसके टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं और जल्द से जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा। जिससे शहरवासियों को और बेहतर सुविधा दी जा सके।