लेबर रूम, वार्ड और पुराने भवन का लिया जायजा, बंद उपकरणों को लेकर कर्मचारियों से किया सवाल-जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए सोमवार सुबह एनएचएम (नेशनल हेल्थ मिशन) के निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने औचक निरीक्षण किया। अस्पताल के विभिन्न विभागों में पहुंचकर उन्होंने व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान कुछ स्थानों पर अव्यवस्थाएं और चिकित्सा उपकरणों का उपयोग नहीं होता देख उन्होंने नाराजगी जताई।
इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डॉ. वीरेंद्र यादव ने निरीक्षण की शुरुआत अस्पताल के विभिन्न विभागों और वार्डों से की। उन्होंने लेबर रूम में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद अस्पताल के पिछले हिस्से और पुराने भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान ऑक्सीजन सिलिंडर सहित मरीजों के उपचार में इस्तेमाल होने वाले जरूरी उपकरणों की स्थिति जांची। एक जगह उपकरण चालू नहीं मिलने पर उन्होंने फ्लोर इंचार्ज से इसकी वजह पूछी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपकरण उपलब्ध होने के बावजूद उनका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है तो ऐसे संसाधनों का मरीजों को क्या लाभ मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध मशीनों और संसाधनों का नियमित रूप से इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए। मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल आने पर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही जिन स्थानों पर कमियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा समेत अस्पताल के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।