फरीदाबाद। एत्मादपुर पुल के पास शुक्रवार रात जमीन के सौदे के रुपये लेकर लौट रहे व्यक्ति की कार को चोरों ने निशाना बना लिया। कार खड़ी करने के बाद सब्जी खरीदने गए व्यक्ति के लौटने तक चोर पिछला शीशा तोड़कर अंदर रखा बैग निकाल ले गए।
पीड़ित के अनुसार, पूरी वारदात महज पांच से सात मिनट के भीतर हुई। बैग में करीब 10 लाख रुपये और लैपटॉप रखा था। हरकेश नगर निवासी गौतम कुमार जमीन के सौदे के सिलसिले में पलवल गए थे। वहां से करीब 10 लाख रुपये लेकर शुक्रवार रात कार से फरीदाबाद लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे एत्मादपुर पुल के पास उन्होंने सब्जी खरीदने के लिए कार सड़क किनारे खड़ी की और कुछ दूरी पर चले गए। गौतम कुमार के मुताबिक, सब्जी खरीदकर पांच से सात मिनट बाद वापस लौटे तो कार का पिछला शीशा टूटा मिला। अंदर रखा बैग गायब था। शिकायतकर्ता ने बताया कि कार खड़ी करने के समय आसपास कुछ लोग शराब पी रहे थे। उसे आशंका है कि इनमें से किसी ने उसकी कार पर नजर रखी हो सकती है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। संवाद