संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड दिवाली मेले में पहुंचने वाले सैलानियों को आवागमन के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हरियाणा रोडवेज के फरीदाबाद डिपो की ओर से मेले के लिए कोई विशेष बस सेवा शुरू नहीं की गई है। ऐसे में मेले में आने वाले लोगों को सामान्य बसों के सहारे ही सफर करना पड़ेगा। ये बसें यात्रियों को मेला परिसर तक पहुंचाने के बजाय गांव अनंगपुर के पास उतारेंगी। यहां से उन्हें करीब दो किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी होगी। गौरतलब है कि सूरजकुंड में फरवरी में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले के दौरान रोडवेज की ओर से 30 से अधिक बसों का संचालन किया जाता है। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों को मेले तक पहुंचने में सुविधा मिलती है।
अनंगपुर जाने वाली बसों का ही सहारा
फिलहाल बल्लभगढ़ बस डिपो से गांव अनंगपुर के लिए सामान्य बसें संचालित की जा रही हैं। ये बसें सुबह एक और शाम को दो चक्कर लगाती हैं। निर्धारित मार्ग के अनुसार बसें बल्लभगढ़ डिपो से राष्ट्रीय राजमार्ग और बड़खल फ्लाईओवर होते हुए सूरजकुंड रोड पर स्थित आश्रम के रास्ते गांव अनंगपुर पहुंचती हैं। मेले के लिए अलग से बस सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को इसी मार्ग की बसों का सहारा लेना पड़ेगा। अनंगपुर के पास उतरने के बाद उन्हें पैदल मेला परिसर तक पहुंचना होगा।
आदेश मिलने पर शुरू होगा बसों का संचालन
डिपो के ड्यूटी इंचार्ज जगदीश ने बताया कि दिवाली मेले के लिए बसें चलाने के संबंध में अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। उच्च अधिकारियों की ओर से निर्देश मिलने पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल डिपो की ओर से मेले के लिए विशेष बस सेवा चलाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।