नगर निगम एनआईटी वन टू चौक से 2ई रामायण बाग तक चौड़ीकरण का कराएगा काम
मोहित शुक्ला
फरीदाबाद। नगर निगम की तरफ से फरीदाबाद में एनआईटी वन टू चौक से 2ई रामायण बाग तक सड़क चौड़ीकरण का काम किया जाएगा। इस कार्य की अनुमानित लागत करीब एक करोड़ रुपये आएगी। विभाग के अनुसार इसे चार महीने की समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह इलाका शहर के वार्ड 12 और 13 में आता है जहां लंबे समय से संकरी सड़कों और जाम की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। प्रतिदिन हजारों लोग यहां से गुजरते हैं। भारी ट्रैफिक, टूटी सड़कें और जगह-जगह पानी भराव की समस्या के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सड़क चौड़ीकरण से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
वार्ड 12 और 13 का इलाका पुराने बाजार और रिहायशी कॉलोनियों से जुड़ा हुआ है। यहां की सड़कें कई सालों से तंग पड़ी हैं जबकि ट्रैफिक दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। लोगों की गाड़ियां जाम में फंस जाती हैं, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को निकलने में काफी दिक्कत होती है।
ग्रेड का ध्यान रखकर होगा काम
यहां पर अब यह सड़क आरएमसी एम-20 और आईपीबी एम-40 ग्रेड के साथ चौड़ी होगी। इससे सिर्फ वाहनों की आवाजाही आसान होगी बल्कि इलाके की सुंदरता भी बढ़ेगी। इस काम से लोगों के समय की बचत होगी बल्कि प्रदूषण भी कम होगा।
लोगों ने जताई खुशी
स्थानीय निवासी लंबे समय से इस समस्या के समाधान की की मांग कर रहे थे। कई बार शिकायत भी दर्ज कराई गई कि बाजार और कॉलोनी के बीच जाने में घंटों लग जाते हैं। व्यापारियों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से ग्राहकों को भी सहूलियत मिलेगी और व्यापार को फायदा होगा। वहीं, छात्रों और ऑफिस जाने वाले लोग मानते हैं कि जाम से छुटकारा मिलने से उनका समय बचेगा।
चार माह में पूरा होगा काम
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक काम शुरू होने के बाद एजेंसी को चार महीने के भीतर काम पूरा करना होगा। अगले माह में जमीनी स्तर पर काम शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
फरीदाबाद नगर निगम की तरफ से शहर के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। जल्द ही लोगों को जमीनी स्तर पर इस योजना का लाभ मिलना भी शुरू हो जाएगा। - नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता नगर निगम