ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत, परिवार में पसरा मातम
फोटो कैप्शन- ट्रैक्टर पलटने से हुआ हादसा।
संवाद न्यूज एजेंसी, नगीना। थाना क्षेत्र के करहेड़ा-भादस रोड पर सोमवार को एक ट्रैक्टर अचानक बेकाबू होकर पलट गया। जिसके कारण ट्रैक्टर चला रहे ड्राइवर की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जमशेद निवासी भूडबास मूलथान के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई जिन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा की मोर्चरी में रखवा दिया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा उस वक्त हुआ जब जमशेद अपने पानी के टैंकर को लेकर ट्यूबवेल पर भरने जा रहा था। परिजनों ने बताया कि मृतक पिछले काफी समय से पानी का टैंकर चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। वह घरों में पानी सप्लाई का काम करता था। रोजाना की तरह सोमवार की सुबह जमशेर टैंकर में पानी भरने के लिए भादस गांव के समीप स्थित ट्यूबवेल पर जा रहा था। जब वह करहेड़ा-भादस रोड़ पर पहुंचा तो हादसा हो गया।
छह बच्चों के सिर से उठा पिता का साया : ग्रामीणों ने बताया कि मृतक जमशेद के छह बच्चे हैं। पानी सप्लाई कर वह अपने बच्चों का पेट पाल रहा था। अब बच्चों के सिर से पिता साया हमेशा के लिए उठ गया है। मृतक जमशेद के छह बच्चों में चार लड़कियां और दो लड़के हैं। इनमें से किसी भी बच्चे की अभी शादी नहीं हुई है। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से ड्राइवर की मौत होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जा में लिया ।