फोटो खुले मैनहोल से हादसे का खतरा, निगम नहीं दे रहा ध्यान
नगर निगम ने कई हादसों के बाद भी नहीं लिया सबक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में जगह-जगह मौत के मैनहोल खुले हुए हैं, कई हादसों के बाद भी अधिकारी समस्या का समाधान करने की बजाय चुप्पी साधे हुए बैठे हैं, महीने दर महीने मैनहोल में गिरने के मामले बयां कर रहे हैं कि निगम या एचएसवीपी इसे लेकर गंभीर नहीं है।
शहर में खुले मैनहोल लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। कई हादसों के बाद भी नगर निगम अधिकारी सुध नहीं ले रहे हैं। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पिछले कुछ दिनों से सीवर मैनहोल खुला है। स्थानीय निवासी और दुकानदारों के मुताबिक रेलवे स्टेशन होने के कारण सड़क पर भीड़ रहती है। एनआईटी को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए यह मुख्य सड़क है। सड़क पर इस प्रकार सीवर का ढक्कन नहीं होने से दिक्कत हो रही है। निगम अधिकारियों से शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। एसई ओमबीर ने बताया कि सभी कार्यकारी अभियंताओं को इस बारे में निर्देश दिया गया है। अधिकतर जगहों पर मैनहोल लग चुके हैं।
-
इन हिस्सों में है दिक्कत
स्मार्ट सिटी में अनगिनत जगहों पर खुले मैनहोल हैं। इनमें कई जगह ढक्कन हैं वह टूटे और क्षतिग्रस्त हैं। सबसे ज्यादा खराब हालात एनआईटी और बल्लभगढ़ की है। साठ फुट, पर्वतीय कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, एनआईटी पांच, सेहतपुर, सेक्टर-21, सेक्टर-29, चावला कॉलोनी, मलेरना रोड, सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-55, गुप्ता होटल रोड, लक्कड़पुर सहित अन्य जगहों पर अनगिनत सीवर के ढक्कन खुले हैं।
बातचीत
पूरे शहर में जगह-जगह मैनहोल के ढक्कन खुले हैं। अधिकारियों को बार-बार शिकायत देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती है। सेक्टर-8 में खुले मैनहोल दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं।
- केके महता, सेक्टर-15
मैनहोल के खुले ढक्कन आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, लेकिन अधिकारी समस्या को लेकर गंभीर नहीं है,
अजय भाटिया, आरडब्ल्यूए महासचिव, सेक्टर-9।