नींद नहीं हो पा रही है पूरी, पानी की आपूर्ति पर भी पड़ रहा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-37 के निवासी इन दिनों लगातार बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच कई-कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन के साथ-साथ रात में भी बार-बार बिजली गुल होने से क्षेत्रवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। निवासियों के अनुसार रात के समय लंबे बिजली कट लगने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। उमस और गर्मी के कारण बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को रात भर जागकर समय बिताना पड़ता है। लोगों का कहना है कि बिजली जाने के बाद इन्वर्टर भी कुछ समय बाद जवाब दे देते हैं, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण घर के सामान्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ रहा है। बिजली कटौती का सीधा असर पानी की आपूर्ति पर पड़ रहा है। मोटर नहीं चल पाने के कारण पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे घरेलू कामकाज में कठिनाई हो रही है।
-
निवासियों से बातचीत
बिजली कटौती के कारण घर के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है। रात में बिजली जाने से नींद पूरी नहीं हो पाती। - आशा शर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान, आरडब्ल्यूए
बिजली की अनियमित आपूर्ति का सीधा असर पानी की सप्लाई पर पड़ रहा है। कई बार विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। - प्रवीण चौहान, उप प्रधान, आरडब्ल्यूए
दिन और रात दोनों समय बिजली के लंबे कट लग रहे हैं। घरों में छोटे बच्चे गर्मी और उमस से परेशान हैं। लोगों को राहत पाने के लिए देर रात तक घरों के बाहर बैठना पड़ रहा है। - पंकज शर्मा, निवासी
महिलाओं को घरेलू कार्यों में अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि छोटे बच्चे भी गर्मी और पानी की कमी से परेशान हैं। - मुकेश शर्मा, निवासी