- मौसम हुआ खुशनुमा, पानी निकासी की व्यवस्था खराब होने से शहर बना तालाब
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा तो हुआ लेकिन जगह-जगह जलभराव होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर पॉश सेक्टर व कॉलोनियों में चारों तरफ पानी भर गया। शहर में पानी निकासी की व्यवस्था खराब होने से पूरा शहर तालाब बन गया। सड़कों पर पानी अधिक होने के कारण लोगों की गाड़ियां खराब हो गईं। चौक-चौराहों पर जलभराव होने से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश से जलमग्न हुए शहर की स्थिति के बाद नगर निगम, एचएसवीपी, एफएमडीए के जलभराव से निपटने के दावों की पोल खुल गई। सुबह बूंदाबांदी के साथ कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इस कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग, बाटा चौक, अजरौंदा चौक, सेक्टर-7-8 चौक और बल्लभगढ़ चौक पर हुए जलभराव से ट्रैफिक जाम की समस्या बन गई। सबसे ज्यादा खराब हालत अजरौंदा चौक, बाटा चौक, डबुआ कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी 60 फुट रोड और सेक्टर-22, 23 और सेक्टर-15ए में देखने को मिली। सड़कों पर जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हुई।
यहां भरा घुटनों तक पानी
बारिश से सेक्टर-7, 8, 9,10,11 की डिवाइडिंग सड़क, सेक्टर-16 के विश्राम गृह वाली सड़क, सेक्टर-11 व 12 की सड़क, सेक्टर, छह, सात, आठ, नौ, 15, 16, 17, 18, 19, 22, 23, 31 व 37 की मुख्य सड़कें, बीके-हार्डवेयर चौक, एयरफोर्स रोड, रेलवे रोड, गुड ईयर चौक सेक्टर-3 से तिगांव रोड, सौ फुटा रोड और बल्लभगढ़ बस अड्डे पर घुटनों तक पानी भर गया।
इन इलाकों में गुल रही बिजली
बारिश से जहां एक ओर माैसम खुशनुमा हो गया। वहीं, कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। ज्यादातर इलाकों में फॉल्ट के कारण कई घंटे बिजली गुल रही। कृष्णा काॅलोनी, राजीव काॅलोनी, सेक्टर-23, 55, 28, 29 सहित अनेक इलाकों में फाॅल्ट की सूचना मिली। इस कारण बारिश रुकने के बाद भी बिजली नहीं आई। बिजली विभाग का कहना है कि बारिश से सबसे अधिक एनआईटी और ग्रेटर फरीदाबाद में बिजली सप्लाई प्रभावित रही। एनआईटी एक, दो, तीन, राजीव काॅलोनी, कृष्णा कॉलोनी, संजय काॅलोनी व सेक्टर-22, 23, मेवला महाराजपुर, जवाहर कॉलोनी, एसजीएम नगर, तिलपत, जनता कॉलोनी, जीवन नगर, इंद्रा कॉलोनी, बसेलवा कॉलोनी, तिगांव समेत अन्य कई इलाकों में फॉल्ट की वजह से कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। लोगों ने बताया कि बारिश शुरू होने के बाद लाइट चली गई। सुबह सात बजे गई लाइट करीब 12 बजे आई। इसी तरह सेक्टर-21 में सुबह नौ बजे गई लाइट दोपहर तीन बजे बहाल हुई। बदरौला और छांयसा सब डिविजन में फॉल्ट होने से छह घंटे लाइट गुल रही।
तापमान में दर्ज की गई गिरावट
मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार जिले में अभी सप्ताह भर मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। सुबह हुई झमाझम बारिश के बाद धूप एवं बादलों की लुकाछिपी के बीच मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 27. 2 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली। आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने व बारिश होने की उम्मीद है लेकिन उसके दो दिन बाद 11 जुलाई से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावनाएं हैं।