फरीदाबाद। टीकाकरण केंद्रों पर लंबे इंतजार की संभावना देखकर लोग घरों से खाना पानी लेकर पहुंच रहे हैं। कई युवतियां भी टीकाकरण के लिए पूरी तैयारी के साथ नजर आईं। वह धूप से बचने के लिए दुपट्टे के साथ पानी की बोतलें, टिफिन लेकर पहुंची थीं। उधर, कई संस्थाएं भी अस्पताल परिसर में खाना वितरण करने पहुंची। लोगों ने बताया कि चार से पांच घंटे के इंतजार की पूरी तैयारी के साथ लोग केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
बृहस्पतिवार को बीके सिविल अस्पताल के टीकाकरण केंद्र के बाहर का नजारा बदला हुआ था। युवतियां मौके पर ही टिफिन खोलकर खाना खा रही थीं। एक ओर टीकाकरण के लिए लंबी कतार थी तो दूसरी ओर खाना खाने के लिए बैठे लोगों की लाइन दिख रही थी। इसमें से कई ने कैमरे देखकर टिफिन छिपा लिए। वहीं कई ने बताया कि सबको पता है कि टीकाकरण केंद्रों पर कई घंटे के इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसे में खाना साथ लेकर पहुंचने में ही समझदारी है।
उधर, सीएमओ डॉ. रणदीप सिंह पुनिया का दावा है कि टीकाकरण के लिए विभाग की तरफ से पूरे प्रयास किए जा रहे हैं कि पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। ताकि लोगों को कम से कम इंतजार करना पड़े।
एक दिन पहले दे रहे जानकारी, फिर क्यों है मारामारी
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग एक दिन पहले शेड्यूल जारी काने लगा है। टीकाकरण नोडल डॉ. राजेश श्योकंद का कहना है कि एक दिन पहले टीकाकरण का शेड्यूल बनाकर जारी किया जा रहा है। इसमें बताया जा रहा है कि कौन से इलाके के स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण जारी है।
कई मौके पर बिगड़ी व्यवस्था, हुई बहस
कई केंद्रों पर पुलिस बल व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही। कई बार पुलिस कर्मियों की लोगों से बहस भी हुई। लोगों ने आरोप लगाया कि गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा एक साथ दस लोगों को केंद्र के अंदर टीका लगाने के लिए भेजा जा रहा है।
आज 45 से अधिक उम्र वालों का टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार के लिए जारी टीकाकरण शेड्यूल अनुसार जिले के 47 केंद्रों में से 46 पर 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों के लिए टीकाकरण होगा। वहीं, आदर्श नगर स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र पर 18 से अधिक उम्र वाले युवाओं के लिए टीकाकरण की सुविधा होगी। एसी नगर,अनंगपुर, ऐतमादपुर, बल्लभगढ़, भारत कॉलोनी, बीके सिविल अस्पताल, धौज, डबुओ, ईएसआईसी केंद्र व डिस्पेंसरी, फतेहपुर तगा, पाली, पल्ला, प्रतापगढ़, एसजीएम नगर, सेहतपुर, सारन, शिवदुर्गा विहार व भीम बस्ती स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर 45 से अधिक उम्र के लोगों के लिए टीकाकरण की व्यवस्था होगी।
कुष्ठ रोगियों के लिए खास शिविर लगाया
जिले में कुल 146 कुष्ठ रोगी हैं, इनमें से 120 को बृहस्पतिवार को विशेष टीकाकरण शिविर के जरिए कोरोना बचाव का टीका लगाया गया। कुष्ठ रोग की नोडल स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला भगत ने बताया कि कुछ कुष्ठ रोगियों स्वयं केंद्र पर टीकाकरण करा लिया था। अन्य के लिए बृहस्पतिवार को विशेष शिविर लगाकर टीकाकरण की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि इस तरह की व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी। इसमें ऐसे सभी कमजोर वर्ग को शामिल किया जाएगा जो कोरोना के आसानी से शिकार हो सकते हैं।