संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गुरु तेज बहादुर के शहीदी दिवस पर सोमवार को सेक्टर सात के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बल्लभगढ़ में जिला स्तरीय वाचन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुरु तेग बहादुर के जीवन, बलिदान और शिक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भाषाई, सांस्कृतिक और रचनात्मक क्षमताओं का विकास करना रहा।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, पंजाबी और संस्कृत भाषा में से चार-चार विद्यार्थियों ने अपनी वाचन कला का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने गुरु तेग बहादुर के जीवन-दर्शन, साहस और त्याग पर आधारित अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के उपरांत प्रत्येक भाषा से दो-दो सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों (कुल आठ) का चयन किया गया। इन विद्यार्थियों के नाम और वीडियो रिकॉर्डिंग निदेशालय को भेजे गए हैं। इसके बाद अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।
यह प्रतियोगिता विभिन्न स्तर जैसे विद्यालय, खंड और जिला स्तर पर आयोजित की गई। इसमें प्रत्येक जिले से प्रत्येक भाषा में शीर्ष दो विद्यार्थियों का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर पर गठित मूल्यांकन समिति सर्वोत्तम निबंधों का चयन करेगी।