महाबीर कॉलोनी पुलिया से लेकर चंदावली डिस्पोजल तक लगेगी आरसीसी ग्रिल
वाहन चालकों को मिलेगी राहत, मवेशियों के कारण होने वाले हादसों पर भी लगेगी रोक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में लगातार हो रहे हादसों और स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद नगर निगम ने ठोस कदम उठाया है। महाबीर कॉलोनी पुलिया से लेकर चंदावली डिस्पोजल के पास बाईपास रोड तक आरसीसी ग्रिल लगाने की परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। यह कार्य क्षेत्र की सुरक्षा के साथ-साथ सौंदर्यीकरण को भी नई दिशा देगा।
महाबीर कॉलोनी से चंदावली डिस्पोजल तक का इलाका एक व्यस्त हिस्सा है। यहां बाईपास रोड के किनारे खुले नाले और खाली हिस्से लंबे समय से हादसों की वजह बनते रहे हैं। बीते महीनों में जिले में नाले में गिरने की कई घटनाएं सामने आईं जिनमें राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को गंभीर चोटें तक आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे में यह रास्ता और भी खतरनाक हो जाता है। इन हादसों के बाद प्रशासन की नींद टूटी और अब आरसीसी ग्रिल लगाने का फैसला लिया गया है।
सुरक्षा को लेकर निगम का फोकस
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक इस परियोजना का सबसे बड़ा मकसद राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सड़क किनारे मजबूत आरसीसी ग्रिल लगने से नाले या खाली हिस्सों में गिरने की आशंका काफी हद तक खत्म हो जाएगी। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वालों के लिए यह एक बड़ी राहत होगी। साथ ही आवारा पशुओं की सड़क पर अचानक आवाजाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी।
सौंदर्यीकरण से बदलेगी इलाके की तस्वीर
यह परियोजना सुरक्षा के साथ आरसीसी ग्रिल से सड़क का लुक भी बेहतर होगा। अभी तक यह इलाका अव्यवस्थित और उपेक्षित नजर आता था लेकिन ग्रिल लगने के बाद बाईपास रोड का स्वरूप अच्छा और आधुनिक दिखेगा। नगर निगम का मानना है कि ऐसे छोटे लेकिन असरदार काम शहर की छवि बदलने में अहम भूमिका निभाते हैं।
अतिक्रमण और गंदगी पर लगेगी लगाम
स्थानीय निवासियों की एक बड़ी शिकायत सड़क किनारे होने वाला अतिक्रमण और कूड़ा फेंकने की समस्या रही है। आरसीसी ग्रिल लगने से सड़क और नाले की सीमाएं स्पष्ट होंगी, जिससे अवैध कब्जों पर रोक लगेगी। इसके अलावा लोग खुले में कूड़ा फेंकने से भी बचेंगे। इससे इलाके की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और बीमारियों का खतरा भी कम होगा।
हजारों परिवारों को मिलेगा सीधा फायदा
वार्ड नंबर 39 के साथ-साथ आसपास के इलाकों के हजारों लोग इस सड़क का रोजाना इस्तेमाल करते हैं। ग्रिल लगने से यातायात अधिक व्यवस्थित होगा, सड़क पार करने में आसानी होगी और दुर्घटनाओं की संख्या घटेगी। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सुरक्षित और साफ-सुथरा माहौल होने से कारोबार पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
निगम की तरफ से लोगों की सुविधाओं के लिए लगातार काम किया जा रहा है। जल्द ही इसका कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा
हरीश कार्यकारी अभियंता नगर निगम