जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शिक्षा विभाग की ओर से जिला स्तरीय रंगोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों ने विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। बोहरा पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, चित्रकला, शास्त्रीय गायन, लोक गायन और रंगमंच की प्रस्तुतियां दी गईं।
जिला नोडल अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी सतीश चौधरी ने कहा कि रंगोत्सव शिक्षकों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने का मंच है। शिक्षक पढ़ाई के साथ अपनी कला और रचनात्मकता से भी समाज को प्रेरित करते हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शिक्षक राज्य स्तरीय रंगोत्सव में भाग लेंगे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राजकीय महाविद्यालय खेड़ी गुजरान के प्राचार्य डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. अंजू मुंजाल, अर्चना, चैतन्य शर्मा और नरेश ठाकुर शामिल रहे। डॉ. सुनील शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों की रचनात्मक क्षमता को निखारने के साथ स्कूलों में कला आधारित शिक्षण को बढ़ावा देते हैं।
लोक नृत्य में पुरुष वर्ग से देवेंद्र गौड़ और महिला वर्ग से मनीषा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हेमलता दूसरे स्थान पर रहीं। शास्त्रीय नृत्य में सुषमा वैष्णव, चित्रकला में महिला वर्ग से प्रज्ञा और पुरुष वर्ग से भगत सिंह प्रथम रहे। शास्त्रीय गायन में नवीन और श्वेता जैन ने प्रथम स्थान हासिल किया। लोक गायन में पुरुष वर्ग से सुंदर भड़ाना प्रथम और नंदकिशोर द्वितीय रहे। महिला वर्ग में सरिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रंगमंच में पूजा गोयल प्रथम रहीं।