मोहना, तिगांव, बल्लभगढ़, गौंछी, दयालपुर और बड़खल में बारिश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जुलाई का आधा महीना बीतने के बावजूद फरीदाबाद शहर में मानसून अब भी पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। पिछले 24 घंटों में मुख्य शहर में बारिश नहीं हुई जबकि जिले के कई ग्रामीण और बाहरी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शहर में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं होने से उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
मौसम विभाग के अनुसार, 14 जुलाई की सुबह 8 बजे से 15 जुलाई की सुबह 8 बजे तक मोहना में 20 मिमी, तिगांव में 9 मिमी, बल्लभगढ़ और गौंछी में 6-6 मिमी तथा दयालपुर और बड़खल में 4-4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। फरीदाबाद मुख्य शहर और धौज में बारिश शून्य रही। ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश से किसानों को कुछ राहत मिली है, जबकि शहर में लोग अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। शहर में बारिश नहीं होने के कारण हवा में नमी का स्तर लगातार बना हुआ है। इससे दिनभर उमस का असर महसूस किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद उमस का असर बना रह सकता है।
17-18 जुलाई से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 और 18 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है। इस दौरान जिले में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यदि यह पूर्वानुमान सही रहा तो शहर के लोगों को उमस से राहत मिलने के साथ-साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज हो सकती है। किसानों को भी खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त नमी मिलने की उम्मीद है।