मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत मिली राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत गांव जवा निवासी दिवंगत किसान सतप्रकाश के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मंगलवार को मार्केट कमेटी मोहना के कार्यालय में चेयरमैन संदीप टोंगर ने दिवंगत किसान के भाई रमेश पहलवान को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
इस अवसर पर चेयरमैन संदीप टोंगर ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से किसानों और खेतिहर मजदूरों के हित में मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र किसान या खेतिहर मजदूर की मृत्यु अथवा दुर्घटना की स्थिति में नियमानुसार उसके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। चेक प्राप्त करने के दौरान रमेश पहलवान ने आर्थिक सहायता के लिए सरकार और मार्केट कमेटी का आभार जताया।