8 फरवरी को महा स्टेज पर देंगे प्रस्तुति
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सूरजकुंड मेले में इस बार सांस्कृतिक संध्याओं का आकर्षण और भी बढ़ गया है। प्रसिद्ध पंजाबी गायक एवं अभिनेता गुरदास मान अपनी सुरीली आवाज और लोकधुनों के साथ मेले में जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मेले में पद्मश्री कैलाश खेर सहित कई नामचीन कलाकारों के साथ गुरदास मान की प्रस्तुति का भी आयोजन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
पंजाबी गायक गुरदास मान 8 फरवरी को सूरजकुंड में महा स्टेज पर अपनी लोकप्रिय रचनाओं के जरिये श्रोताओं को पंजाब की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे। उनके गीतों में मिट्टी की खुशबू, रिश्तों की गर्माहट और जीवन के विविध रंग झलकते हैं, जो हर उम्र के श्रोताओं को भावविभोर कर देते हैं और सीधे दिलों पर दस्तक देते हैं।