फरीदाबाद। पल्ला के सेहतपुर स्थित एक पंप पर पेट्रोल भरने में देरी होने पर कर्मचारी के साथ मारपीट की गयी। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पहले कर्मचारी से कहासुनी की और फिर अपने साथियों को बुलाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना में कर्मचारी के सिर और हाथ की उंगलियों में चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि 23 मई की रात वह पेट्रोल पंप पर काम कर रहा था। इस दौरान कार में सवार दो युवक पेट्रोल डलवाने पहुंचे। उस समय वह दूसरी गाड़ी में डीजल भर रहा था। कर्मचारी ने युवकों से थोड़ी देर इंतजार करने के लिए कहा और बताया कि डीजल भरने के बाद वह उनकी गाड़ी में पेट्रोल डाल देगा। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में करीब 10 से 12 युवक वहां पहुंच गए और कर्मचारी को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी का मेडिकल कराया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।