नौ आरोपी नामजद, नोएडा की कीमती जमीन दिखाकर लगाया चूना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर प्रॉपर्टी डीलर से एक करोड़ पांच लाख रुपये ठग लिए गए। जालसाजों ने किसी अन्य व्यक्ति की कीमती जमीन दिखाकर फर्जी इकरारनामा कर लिया और भारी रकम वसूल ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ 18 अप्रैल को धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव जाजरू निवासी दीपक डागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी कविंद्र, धर्मवती, भूपेंद्र, विजय, अज्जू, परवीन, टीटू, मनोज कौशिक और राज कुमार कश्यप ने नोएडा के पास मेन रोड की एक कीमती जमीन दिखाई। आरोपियों ने खुद को जमीन का मालिक बताकर 12 अक्तूबर 2022 को दीपक के साथ इकरारनामा किया। आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में एक करोड़ पांच लाख रुपये ले लिए, जिसमें से 30 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और 75 लाख नकद दिए गए थे।
बाद में जांच करने पर पता चला कि वह जमीन आरोपियों की थी ही नहीं और उन्होंने किसी अन्य की जमीन दिखाकर फर्जी कागजात तैयार किए थे। जब दीपक ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें अवैध हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी आगामी जांच आर्थिक अपराध शाखा एनआईटी को सौंप दी गई है ताकि पैसों की रिकवरी और आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सके।