कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-86 विधानसभा के वार्ड नंबर-8 स्थित उड़िया कॉलोनी में सीवर के गंदे पानी की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। पिछले सात-आठ महीनों से कॉलोनी की गलियों में सीवर का पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
गलियों में जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को उठानी पड़ रही है। स्कूली बच्चों को आने-जाने में दिक्कत होती है, वहीं बुजुर्गों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। गंदा पानी जमा रहने से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से लोगों को बीमारी फैलने की चिंता सता रही है। दोपहिया वाहन चालकों को भी खराब रास्तों और जलभराव के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लोगों का कहना है कि वार्ड की 14 गलियों में से अभी तक केवल 5 का निर्माण कार्य पूरा कराया गया है। बाकी गलियों का काम एक सप्ताह बाद शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन करीब ढाई महीने बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है।
स्थानीय निवासी विकास ने बताया कि कॉलोनी में लंबे समय से लोग परेशान हैं। गंदा पानी घरों के आगे जमा होने के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए।
वहीं, निवासी कैलाश ने बताया कि गलियों का निर्माण पूरा नहीं होने से परेशानी बढ़ रही है। कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वास ही मिला।