बी-ब्लॉक में 100 और 150 एमएम की नई डीआई पाइपलाइन बिछाई जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के एनआईटी-1 के बी-ब्लॉक की क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को बदलने की तैयारी है। नगर निगम प्रशासन ने लाइन बदलने के लिए नए सिरे से कंपनी की तलाश शुरू कर दी है। कंपनी का चयन होने के बाद अगले माह से इसका काम शुरू हो जाएगा।
एनआईटी-एक बड़खल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसके इलाके के बी ब्लॉक में लंबे समय से पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है। यहां लीकेज की वजह से दूषित पेयजल की आपूर्ति होती है। इसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन की ओर से यहां से नई पेयजल लाइन बिछाने के लिए 52 लाख 67 हजार रुपये का बजट मंजूर किया गया है। इसके तहत 100 और 150 एमएम व्यास की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। नई पाइपलाइन बदलने के बाद यहां पेयजल आपूर्ति में सुधार होगा। वहीं दूषित पेयजल आपूर्ति भी बंद हो सकेगी। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने बताया कि कंपनी के चयन के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अगले माह तक कंपनी के चयन की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। चार माह के अंदर यह कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले भी कंपनी के चयन के लिए टेंडर लगाया गया था, लेकिन इस कार्य के लिए कंपनी नहीं मिल पाई थी। इस वजह से अब दोबारा से कंपनी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।