रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दूर से दिखाई नहीं देता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला-बसंतपुर मेन रोड पर स्थित आगरा चौक के पास बना गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। व्यस्त मार्ग होने के कारण इस सड़क से रोजाना हजारों लोग आवागमन करते हैं। गड्ढे के कारण वाहन चालकों को अचानक रफ्तार कम करनी पड़ती है और कई बार बचने के लिए वाहन दूसरी ओर मोड़ना पड़ता है। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। अचानक गड्ढा सामने आने पर संतुलन बिगड़ने से गिरने का खतरा रहता है। वहीं, बड़े वाहनों के चालक भी गड्ढे से बचने के लिए लेन बदलते हैं, जिससे पीछे और आसपास चल रहे वाहनों से टक्कर की आशंका रहती है।
रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से गड्ढा दूर से दिखाई नहीं देता। तेज गति से आने वाले वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाते हैं या वाहन मोड़ते हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग कई इलाकों को जोड़ता है और दिनभर वाहनों का दबाव रहता है। दोपहिया वाहन चालक सौरभ ने बताया कि इस रास्ते से रोज निकलता हूं। गड्ढे के कारण हर बार वाहन धीमा करना पड़ता है। पीछे से आने वाले वाहन तेज हों तो हादसे का डर रहता है। कार चालक अमित ने बताया कि दिन में तो गड्ढा नजर आ जाता है, लेकिन रात में काफी परेशानी होती है। अचानक सामने आने पर वाहन संभालना मुश्किल हो जाता है।