10 रुपये में दूरदराज बैठे भाइयों को बहने सुरक्षित राखी भेज सकती हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। दूर दराज रहने वाले भाईयों की कलाई रक्षाबंधन के अवसर पर सूनी नहीं रहेगी। इसके लिए डाक विभाग बहनों की राखियों को भाईयों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए वाटर प्रूफ लिफाफे लेकर आया है। इसकी कीमत 10 रुपये है।
डाक विभाग के अधीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर दूर दराज बैठे भाई को राखी भेजने के लिए बहनें डाक विभाग का सहयोग लेती हैं। लेकिन कई बार बरसात के मौसम में उनकी राखी लिफाफे फटने या भीगने से खराब हो जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग स्पेशल लिफाफा लेकर आया है। अधीक्षक ने बताया कि साधारण मूल्य व हैपी रक्षा बंधन लिखा आकर्षक डिजाइन का लिफाफे डाकघर में आ गए हैं। उक्त लिफाफा वाटर प्रूफ भी है। बरसात के दिनों में अगर लिफाफा किसी कारणवश भीग भी जाता है तो राखी को नुकसान नहीं होगा। रविंद्र कुमार ने बताया कि राखी का लिफाफा 10 रुपये का है लेकिन पोस्टल चार्ज अलग से देना होगा। इस राखी के लिफाफे का इस्तेमाल विदेश में रहने वाले भाईयों के लिए भी किया जा सकता है।