- पुलिस आयुक्त ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए ऑल इंडिया पुलिस गेम खेलने की शुभकामनाएं दीं
- कोच नेहा राठी और वेलफेयर इंस्पेक्टर जयवीर सहित सभी खिलाड़ियों को प्रशंसा पत्र व 5-5 हजार रुपये का नकद इनाम
- पुलिस ने रेसलिंग व बॉक्सिंग में जीते 6 स्वर्ण, 9 रजत व 5 कांस्य पदक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अर्जुन अवॉर्डी कोच इंस्पेक्टर नेहा राठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मधुबन में हो रहे 44वें हरियाणा पुलिस रेंज खेल प्रतियोगिता में 20 पदक जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली है। यह प्रतियोगिता 26 व 27 जून को मधुबन में आयोजित की गई थी। जिसमें फरीदाबाद की टीम ने रेसलिंग व बॉक्सिंग में 6 स्वर्ण, 9 रजत व 5 कांस्य पदक जीतकर फरीदाबाद पुलिस का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बॉक्सिंग सिपाही परमजीत, राकेश और विक्की ने एक-एक स्वर्ण व रंगरूट सिपाही बजवंत ने एक रजत पदक अपने नाम किया। रेसलिंग में टीम ने 14 पदक जीते, जिसमें से 5 खिलाड़ियों ने दो-दो पदक अपने नाम किए हैं। जिसमें गुरुग्राम पुलिस से फरीदाबाद टीम में शामिल एएसआई पदम ने ग्रीको स्टाइल में एक स्वर्ण पदक व फ्री स्टाइल रेसलिंग में एक कांस्य, हवलदार बलजीत ने भी ग्रीको स्टाइल में एक स्वर्ण व फ्री स्टाइल रेसलिंग में एक कांस्य, रंगरूट सिपाही विशाल ने दोनों स्टाइल्स में एक-एक रजत, रंगरूट सिपाही भूपेंदर ने ग्रीको स्टाइल में एक रजत पदक जीता है। इसके साथ ही महिला सिपाही मनिता ने एक स्वर्ण पदक, सिपाही मनजीत व रंजना और रंगरूट सिपाही सोनू और वासुदेव ने एक-एक रजत पदक अपने नाम किया है। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने खिलाड़ियों के फरीदाबाद पहुंचने पर स्वागत किया और उन्हें प्रशंसा पत्र व 5-5 हजार रुपये का नकद इनाम देकर इसी प्रकार आगे बढ़ते हुए पुलिस का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। कोच इंस्पेक्टर नेहा राठी को बधाई देते हुए उनके द्वारा दिए गए प्रशिक्षण की सराहना की। इंस्पेक्टर नेहा राठी अर्जुन अवॉर्डी हैं जो 10 से 13 जुलाई के बीच जॉर्डन में होने वाली एशियन वुमन रेसलिंग चैंपियनशिप में इंडियन टीम की तरफ से कोच के रूप में जाएंगी। 25 जुलाई को कनाडा में वर्ल्ड पुलिस गेम्स होने जा रहे हैं, जिसमें नेहा स्वयं खेलेंगी।