फरीदाबाद। पुलिस ने रविवार रात को नाइट डोमिनेशन के तहत करीब पांच हजार वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान कई वाहनों से शराब भी बरामद हुई। जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने इस अभियान की शुरुआत की। रविवार रात दस बजे से सुबह चार बजे तक यह अभियान जारी रहा।
रविवार रात सभी थाना प्रभारी, क्राइम ब्रांच और चौकी प्रभारियों ने नाका लगाकर वाहनों को, संदिग्ध व्यक्तियों और अपने-2 क्षेत्रों में पड़ने वाले बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों को चेक किया गया। इस दौरान कुल 4520 छोटे-बड़े वाहनों की तलाशी ली गई। इसमें 1848 दुपहिया, 1606 कार, 528 हल्के वाहन और 538 भारी वाहन चेक किए गए। 155 वाहन चालकों के चालान किए गए और वाहनों के दस्तावेज न होने पर छह वाहनों को जब्त किया गया। अभियान के तहत 215 होटल रेस्टोरेंट, ढाबा, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड जैसे स्थानों को भी चेक कर संदिग्ध पाए जाने वाले 527 लोगों के नाम पते नोट किये गए। इस दौरान पुलिस ने 88 बोतल अंग्रेजी शराब, 2 देसी कट्टा और 1 पिस्तौल, 2 कारतूस एवं 22060 रुपये नकद भी बरामद किये गए।