अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। यातायात पुलिस की ओर से डाक कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत डाक कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालु अपने पास सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त पहचान पत्र जरूर रखें।
जिले में महाशिवरात्रि तक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांवड़ श्रद्धालुओं का आगमन होगा। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कांवड़ियों/श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है। इसके तहत डाक कांवड़ यात्रा में शामिल होने जा रहे श्रद्धालु यात्रा के लिए प्रयोग में लाए जाने वाले वाहन के पूरे विवरण की सूचना संबंधित पुलिस थाना को देना सुनिश्चित करें। डाक कांवड़ यात्रा एक धार्मिक परंपरा है इसलिए कोई भी कांवड़ श्रद्धालु यात्रा के दौरान नशीले पदार्थ का सेवन न करें। यात्रा के दौरान लाठी, डंडे, हॉकी इत्यादि रखना पूर्णत: वर्जित रहेगा। सभी डाक कांवड़ श्रद्धालु सुरक्षा के मद्देनजर उपयोग में लाए जाने वाले सिलिंडर इत्यादि की गहनता से जांच करें। डाक कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु सड़क मार्ग को अवरुद्ध ना करें ताकि आमजन को असुविधा का सामना ना हो व यातायात का सुगम संचालन बना रहे।