फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: कूड़ा निस्तारण संयंत्र की योजना को मिलेगी रफ्तार, आज तय हो सकती है कूड़ा संयंत्र की जगह

विज्ञापन
विज्ञापन
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीना सूरजकुंड में करेंगे समीक्षा
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में बढ़ते कूड़े के संकट से निपटने के लिए नए कूड़ा निस्तारण संयंत्र की योजना को अब सिरे चढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीना शनिवार को सूरजकुंड में नगर निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में शहर में कूड़ा निस्तारण को लेकर चल रही योजनाओं और नए संयंत्र की स्थापना की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक में कूड़ा निस्तारण संयंत्र की जगह तय हो सकती है।

नगर निगम प्रशासन ने नए कूड़ा निस्तारण संयंत्र के लिए 25 एकड़ जमीन की तलाश पूरी कर ली है। निगम ने चार संभावित साइट चिह्नित की हैं। अब इनमें से किसी एक साइट को अंतिम रूप देकर वहां नया कूड़ा निस्तारण संयंत्र स्थापित करने की तैयारी है। प्रस्तावित संयंत्र की क्षमता करीब 1600 टन प्रतिदिन कूड़ा निस्तारण की होगी। शनिवार को सचिव इन संभावित साइटों का भी दौरा करेंगे। मौके पर अधिकारियों से जमीन से संबंधित जानकारी लेने के साथ ही प्रस्तावित संयंत्र के लिए साइट की उपयुक्तता की समीक्षा की जाएगी।
विज्ञापन

प्रतापगढ़ में बंद पड़े कूड़ा निस्तारण संयंत्र का भी अशोक कुमार मीना निरीक्षण करेंगे। प्रतापगढ़ में लंबे समय से बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा है। कूड़ा जमा होते-होते यहां कचरे का पहाड़ खड़ा हो गया है। ऐसे में पुराने कूड़े के निस्तारण के साथ-साथ बंद संयंत्र को लेकर भी निगम प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। सचिव मौके पर पहुंचकर मौजूदा स्थिति का जायजा लेंगे और अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेंगे। इसके अलावा अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होगी। करीब 11 बजे शुरू होने वाली बैठक में नगर निगम आयुक्त समेत निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

गुरुग्राम भी जाएंगे विभाग के सचिव
फरीदाबाद के बाद शहरी स्थानीय निकाय विभाग के सचिव गुरुग्राम भी जाएंगे। वहां अधिकारियों के साथ कूड़ा निस्तारण व्यवस्था और संयंत्रों को लेकर बैठक करेंगे। इस दौरान बंधवाड़ी कूड़ा निस्तारण संयंत्र का भी दौरा किए जाने की संभावना है। फरीदाबाद और गुरुग्राम में कूड़ा निस्तारण की मौजूदा व्यवस्था, क्षमता बढ़ाने की योजनाओं और लंबित परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा होगी।

शहर में हर रोज निकल रहा 1250 टन कूड़ा
शहर में रोजाना करीब 1,250 टन कूड़ा निकल रहा है। जबकि वर्तमान में कूड़ा निस्तारण की क्षमता महज करीब 150 टन प्रतिदिन है। फिलहाल मुजेड़ी में ही कूड़ा निस्तारण हो पा रहा है। इससे प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े और उपलब्ध निस्तारण क्षमता के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है। यही वजह है कि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग रहे हैं। इसके साथ ही पुराने कूड़े के निस्तारण की समस्या भी लगातार गंभीर बनी हुई है।
नए संयंत्र की क्षमता 1600 टन प्रतिदिन प्रस्तावित होने से इसके शुरू होने के बाद वर्तमान कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पर दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, संयंत्र के लिए अंतिम साइट का चयन, जमीन से जुड़ी प्रक्रिया और परियोजना को धरातल पर उतारना निगम प्रशासन के लिए अहम चुनौती बना हुई है।
विज्ञापन



सूरजकुंड में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीना निगम अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में कूड़ा निस्तारण संयंत्र को लेकर चर्चा होगी। - विवेक गिल, मुख्य अभियंता, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें