अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद में कूड़े के ढेरों और लावारिस पशुओं के कारण लोगों को लगातार परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। नगर निगम भले ही कूड़ा निस्तारित कराने का दावा कर रहा है, लेकिन शहर की सड़कों पर इन दावों की पोल खुलती नजर आ जाती है। वहीं कूड़े के ढेरों पर लावारिस पशुओं का भी जमावड़ा लगा रहता है, जो राहगीरों के लिए सबसे ज्यादा परेशानी बन जाते हैं। लोगों को इनसे टकराकर चोटिल होने का डर सताता रहता है। लगातार शिकायतों के बाद भी नगर निगम समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है।
शहर में कूड़ा उठान की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और नगर निगम इस समस्या का स्थायी हल नहीं निकाल पा रहा है। इसका खामियाजा लोगों को लगातार उठाना पड़ रहा है। शहर के पॉश और वीआईपी इलाकों में भी कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जहां पर पूरे दिन लावारिस जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है। शहर के एनआईटी-2, डबुआ रोड, हार्डवेयर मार्केट, सेक्टर-50 और इसके आसपास के इलाकों में कूड़े के कारण आमजनों का जीना मुश्किल हो रखा है।