संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर 21-ए के निवासी पिछले कई दिनों से जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर से परेशान हैं। जगह-जगह गंदगी फैले होने के कारण लोगों में रोष बना हुआ है। नगर निगम की ओर से सफाई न करवाए जाने से स्थानीय निवासियों में रोष बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम प्रशासन को सूचित किए जाने के बावजूद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
सेक्टर-21 ए में जहां एक ओर नगर निगम कर्मचारियों की ओर से सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, ऐसे में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए नगर निगम के प्रतिनिधि बिजली तारों के आसपास पेड़ों की कटाई छटाई कर टहनियों को उक्त स्थान पर ही छोड़ रहे हैं। ऐसे में यह टहनियां बीच रास्तों तक फैल जाती हैं। सेक्टर 21-ए की डब्ल्यूसीआरए के उपप्रधान जीतराम वशिष्ठ के अनुसार, गार्डन वेस्ट के उठान की जिम्मेवारी मेवला महाराजपुर के रवि ठेकेदार को दे रखी है, वेस्ट का समय-समय पर उठान नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।