अनंगपुर में घर पर पेट्रोल बम जैसा हमला, कार में लगाई आग, 2-3 राउंड फायरिंग
-पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज, दो खोखे और एक कारतूस बरामद
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अनंगपुर गांव में बृहस्पतिवार देर रात एक परिवार के घर पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक पर आए दो से तीन युवकों ने प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भरकर घर के बरामदे में खड़ी गाड़ियों की ओर फेंका, जिससे एक कार में आग लग गई। इसके बाद आरोपियों ने घर की ओर 2 से 3 राउंड फायरिंग की और भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की शिकायत पर रॉबिन और उसके एक साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
अनंगपुर निवासी आकाश ने बताया कि रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच उन्हें फायरिंग जैसी आवाज सुनाई दी। पहले उन्हें लगा कि गांव में कहीं पटाखे छोड़े जा रहे हैं, लेकिन तभी उनके छोटे भाई ने मुख्य गेट के बाहर आग की लपटें देखीं। परिवार के लोग बाहर पहुंचे तो बरामदे में खड़ी कार का अगला हिस्सा जल रहा था। उसी समय गली से तेज रफ्तार में एक मोटरसाइकिल निकलने की आवाज भी सुनाई दी।
आकाश के अनुसार, हमलावर बाइक पर आए थे। उन्होंने प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भरकर गाड़ियों की ओर फेंका और फिर घर की तरफ फायरिंग कर दी। शुक्रवार सुबह पुलिस को मौके से दो खाली खोखे और एक कारतूस मिला। एक अन्य वाहन पर भी गोली लगने का निशान मिला है।
परिवार ने किसी तरह आग बुझाई और डायल-112 पर सूचना दी। घटना के समय घर में माता-पिता, पत्नी, छोटा भाई और दादी मौजूद थे। हालांकि इस वारदात में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कार क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ित की लिखित शिकायत पर रॉबिन और उसके एक साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
सचिन