सेक्टर-76 स्थित पार्क फ्लोर 2 सोसाइटी के निवासियों को अब तक कब्जा प्रमाणपत्र नहीं मिला है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-76 स्थित पार्क फ्लोर 2 सोसाइटी के बाहर मुख्य सड़क जर्जर पड़ी हैं। जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइट व कुत्तों के आतंक से निवासी परेशान हैं। निवासियों को अभी तक कब्जा प्रमाणपत्र नहीं मिला है, जिसके कारण वे रजिस्ट्री नहीं करवा पा रहे हैं। यह बातें रविवार को सोसाइटी के लोगों ने संवाद कार्यक्रम में रखीं और प्रशासन से समाधान की मांग की।
पवन, राजीव, नितिन, भूपेंद्र, अजीत, अनुराग, धर्मेंद्र, आरडब्ल्यूए सचिव विजय व अन्य लोगों ने बताया कि सोसाइटी के बाहर सड़क वर्षों से टूटी पड़ी हैं, लेकिन मरम्मत नहीं की गई है। बरसात के मौसम में यहां बहुत बुरा हाल हो जाता है। लोगों ने कई बार शिकायत की लेकिन समाधान नहीं हुआ। सोसाइटी में प्रतिदिन पांच से छह घंटे बिजली बाधित रहती है, जनरेटर चालू होने के बाद डीजल का भुगतान भी निवासियों को करना पड़ता है।
सभी स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जिससे सड़क पर अंधेरा पसरा रहता है। वहीं पार्किंग को लेकर समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि इन सभी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उम्मीद है कि आपके माध्यम से अधिकारी सुन लें और जल्द इसका समाधान करें।
पिछले एक साल में सोसाइटी में लगभग 20 से 25 लोगों को कुत्ते ने काट लिया है। इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। -
पवन शर्मा, आरडब्ल्यूए प्रधान
नगर निगम की ओर से टैक्स लेने के बाद भी कोई सुविधा नहीं मिल रही है। ऐसा लगता है कि हम किसी सोसाइटी में नहीं बल्कि काॅलोनी में रहते हैं। -
राजीव सिन्हा, आरडब्ल्यूए उप प्रधान
स्ट्रीट लाइट न होने के कारण रात के समय में यहां से निकलने में डर लगता है। सबसे ज्यादा महिलाओं के लिए समस्या है। -
आकाश खन्ना, आरडब्ल्यूए महासचिव
सोसाइटी की लिफ्ट खराब हो जाती है। जब इसकी शिकायत की जाती है, तो लगभग दो से तीन महीने ठीक होने में लगते हैं। इससे बुजुर्गों को काफी समस्या होती है। -
मनीश कुमार, आरडब्ल्यूए कोषाध्यक्ष