संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार कक्ष में शनिवार को सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त विक्रम सिंह के निर्देशानुसार जिला समाज कल्याण अधिकारी ममता शर्मा की देखरेख में आयोजित हुआ, जिसमें जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा अंतिल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने हिस्सा लिया और उन्हें पेंशन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं, विकलांगों और अन्य जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा अंतिल ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं सरकार की संवेदनशीलता और जनहितकारी दृष्टिकोण को दर्शाती हैं। उन्होंने जोर दिया कि हर पात्र व्यक्ति तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर पंकज कुमार मौर्या, अन्वेषक, प्रवीण, महावीर, करणजीत, परमजीत कौर, लीना, मनीषा और दीपक सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।