संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पेरिस पैरालिंपिक की शूटिंग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल विजेता मनीष नरवाल मंगलवार को अपने घर पहुंचे। इस दौरान शहर के लोगों ने बदरपुर बॉर्डर से रोड शो कर मनीष को उनके घर तक पहुंचाया। इस बीच लोगों ने कई जगह रोककर उनका स्वागत किया।
पैरालंपिक में 30 अगस्त को शूटर मनीष नरवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए सिल्वर मेडल जीता था। इस दौरान मनीष ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में मेडल जीता था। इसके साथ ही उन्होंने लगातार दूसरे पैरालिंपिक खेलों में पदक पर निशाना लगाया। इससे पहले मनीष ने टोक्यो पैरालंपिक में 50 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता था। हालांकि, मनीष के लिए यह कामयाबी आसान नहीं रही। यहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने काफी संघर्ष किया है। उनकी कामयाबी को देखते हुए शहर के खेल जगत के लोगों ने बदरपुर बॉर्डर पर ढोल नगाड़ों के साथ ओपन जिप्सी में बैठाया कर स्वागत किया।
वह रोड शो के माध्यम से अग्रवाल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका स्वागत हुआ। मनीष इस कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। इसके बाद वह सेक्टर-62 कम्युनिटी सेंटर पहुंचे और फिर अपने घर चले गए। इनके साथ पिता दिलबाग सिंह, कोच राकेश कुमार व योगेश सिंह समेत रिश्तेदार व दोस्त मौजूद रहे।
मनीष ने बताया कि एक समय था, जब पिस्टल के लिए पैसे नहीं थे। पिता दिलबाग ने सात लाख रुपये में मकान बेचकर पिस्टल खरीद कर दी थी। मनीष अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं। इतना ही नहीं मनीष की बहन शिखा भी अंतरराष्ट्रीय शूटर हैं, जबकि भाई शिवा नरवाल भी एशियन चैंपियनशिप में मेडल जीत चुके हैं।